इस्लामाबादः पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में कोर्ट के बाहर बम विस्फोट होने का मामला सामने आया है। जहां आज दोपहर इस्लामाबाद में जिला न्यायिक कैंपस के पास एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ। इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई है जबकि 21 लोग घायल हो गए हैं। घटना को लेकर कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। वहीं घटना की पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि करते हुए कहा कि विस्फोट अदालत की पार्किंग में खड़ी कार में हुआ है। इस विस्फोट से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहां घटना में घायलों को चिकित्सा उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
कोर्ट के बाहर हुआ ब*म विस्फोट, 12 की मौ*त, कई घा*यल, देखें Live pic.twitter.com/Q9uLohg23s
— Encounter India (@Encounter_India) November 11, 2025
बता दें कि इससे पहले दक्षिण वजीरिस्तान के वाना कैडेट कॉलेज पर हुए कॉर्डिनेटेड हमले में एक कार बम और कई आत्मघाती हमलावर शामिल थे, जिनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। सुरक्षा बलों ने दो हमलावरों को मार गिराया है और तीन को अंदर ही घेर लिया। पाकिस्तानी सेना के डीजी आईएसपीआर ने घटना की पुष्टि की है, जबकि टीटीपी ने इसमें अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।
बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज इतनी ज्यादा थी कि पुलिस लाइन मुख्यालय तक इसकी आवाज सुनाई दी गई। इस घटना को लेकर आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल पाया गया। हालांकि विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना का पता लगाने के लिए आपातकालीन टीमें और सुरक्षा बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। बता दें कि अदालत में इस समय आमतौर पर सुनवाई में भाग लेने वाले सैकड़ों लोगों की भीड़ रहती है।
वहीं घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा कोर्ट की इमारत को खाली करवा लिया गया है। इमारत के अंदर मौजूद लोगों को पिछले दरवाजे से बाहर निकाला जा रहा था और अदालती कार्यवाही निलंबित कर दी गई। इस्लामाबाद के उप महानिरीक्षक (डीआईजी), मुख्य आयुक्त और फोरेंसिक टीम विस्फोट स्थल पर तुरंत पहुंचे। वहीं बचाव दल और पुलिस ने मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस्लामाबाद के पिम्स अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।