लुधियानाः जिले की सब्जी मंडी में आज दोपहर करीब सवा 2 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। मिली जानकारी दे अनुसार सब्जी मंडी में प्लास्टिक की क्रेटों में भीषण आग लगी है। इस घटना को लेकर मंडी में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी।
बताया जा रहा है कि प्लास्टिक के क्रेटो को आग लगने के बाद कुछ धमाके भी हुए है। वहीं इस घटना में कई सब्जी विक्रेताओं को नुकसान हुआ है। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का गुब्बार छा गया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थी। बताया जा रहा हैकि ये आग फ्रूट शैड नंबर-30 में लगी है।
वहीं मंडी में सामान खरीदने आए लोग भी इधर-उधर भागने लगे। आग लगने के सूचना मिलते ही तुरंत बाद दमकल विभाग की 2 से 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची। कर्मियों द्वारा आग बुझाने का काम लगातार जारी है। बताया जा रहा है कि दमकल विभगा के कर्मियों के आने से पहले खुद सब्जी मंडी के दुकानदारों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिसके बाद घटना स्थल पर दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने में जुटी हुई है।