अमृतसरः जिले में रेलवे स्टेशन पर एसपी गुरविंदर सिंह की अगुवाई में औचक चेकिंग की गई। मिली जानकारी के अनुसार यह चेकिंग पंजाब के डीजीपी के निर्देशों के तहत रेलवे स्थानों पर चल रही मुहिम का हिस्सा थी, जिसका मुख्य उद्देश्य रेलवे मार्ग से नशों और अन्य अवैध पदार्थों की आवाजाही रोकना है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि इस साल अब तक 350 ग्राम हेरोइन, 188 किलो भुक्की (चूरा पोस्त), 64 किलो गांजा, 950 ग्राम चरस, 5000 नशीली गोलियां तथा कुछ अवैध असलहा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 67 मुकदमे एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं।
वहीं रेलवे स्टेशन पर आज चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने स्टेशन के हर कोने की बारीकी से जांच की। इसमें महिला कांस्टेबलों और महिला एस.एच.ओ. द्वारा महिला यात्रियों की भी जांच की गई। एसपी ने बताया कि पुलिस टीमें हर रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रैक ड्यूटी पर रहती हैं, ताकि किसी भी शरारती तत्व या अवैध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें पठानकोट, हुशियारपुर, लुधियाना, फगवाड़ा आदि स्टेशनों पर भी इसी तरह चेकिंग लगातार कर रही हैं। सभी स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे चालू स्थिति में हैं और आरपीएफ की निगरानी के तहत सुरक्षा को मजबूत किया गया है।
एसपी गुरविंदर सिंह ने यात्रियों से अपील की कि वे सचेत रहें, बिना टिकट यात्रा न करें, और अपने सामान व बच्चों पर पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कुछ अपराधी ट्रेनों में सोए यात्रियों के मोबाइल या अन्य सामान चोरी करने की कोशिश करते हैं, इसलिए सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ जंग लगातार जारी रहेगी, और पुलिस किसी भी हाल में नशा तस्करों या शरारती तत्वों को बख्शेगी नहीं।