ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना में 12/11/2025 से 15/11/2025 तक अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव समूह संख्या तीन का आयोजन किया जाएगा। जिसके मुख्य अतिथि हिमाचल सरकार के टेक्निकल एजुकेशन एवं टाउन एंड कंट्री प्लानिंग मिनिस्टर राजेश धर्मानी होंगे। इसके साथ विशिष्ट अतिथि राज्य राफ्टिंग संघ के अध्यक्ष सतपाल सिंह रायजादा होंगे। कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर मीता शर्मा के प्रयासों से लगभग 17 साल के बाद युवा महोत्सव (समूह संख्या 3 ) का आयोजन करवाने का मौका राजकीय महाविद्यालय ऊना को मिला है।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में लगभग 50 कॉलेज के छात्र एवं छात्राएं भाग ले रहे हैं। जिसमें लगभग 800 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। जिसमें लोकनृत्य, कोरियोग्राफी, एवं शास्त्रीय नृत्य की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों से विद्यार्थी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महाविद्यालय परिसर में इस कार्यक्रम से संबंधित तैयारियां जोरों पर हैं। जिसमें मंच सज्जा, पारंपरिक परिधान, संगीत और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
कॉलेज की प्राचार्या ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि उत्पन्न होने के साथ साथ उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का मौका मिलेगा। महाविद्यालय में सभी प्राध्यापकगण, सीएससीए के सभी सदस्य और समस्त विद्यार्थीगण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं।