लुधियानाः ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने के मामले में लुधियाना पुलिस ने एक महिला कर्मी का चालान काट दिया। महिला कर्मी अपनी एक्टिवा पर बिना हेलमेट पहने न केवल सड़क पर चल रही थी बल्कि फोन पर बातचीत भी कर रही थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। यह पूरा मामला कचहरी से भाई वाला चौक के रास्ते का बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल होते ही लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। मामला सोशल मीडिया पर इतना उछला कि ट्रैफिक पुलिस को तुरंत एक्शन लेना पड़ा। वीडियो की पुष्टि होते ही महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ चालान काटा गया। यह कदम ट्रैफिक पुलिस की सख्ती और निष्पक्षता को दर्शाता है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून सबके लिए एक समान है चाहे कोई वर्दी में हो या आम नागरिक। लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि अगर पुलिस खुद नियमों का पालन करेगी तो जनता के लिए एक बेहतर उदाहरण पेश होगा।