जालंधर, ENS: प्रताप बाग के पास तेज रफ्तार कार सवार, साइकिल सवार को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल साईकिल सवार को लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंद निवासी आदर्श नगर के रूप में हुई है। घटना की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दे दी गई। थाना 3 की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना तीन के एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि मृतक गोविंद की बहन सुमन के बयानों पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि गोविंद साइकिल पर काम के सिलसिले में प्रताप बाग ओर जा रहा था।
इस दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। घटना में जमीन पर गिरने के दौरान उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है, जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।