लुधियानाः शहर के फोरज ऑटोस कोहाड़ा के मार्केटिंग हेड शंकर राणा पर मोटरसाइकिल सवार युवकों द्वारा तेजधार हथियारों के साथ जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस दौरान पीड़ित शंकर राणा गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, शंकर राणा निवासी 33 फूटा रोड ग्यासपुरा, लुधियाना जो अपनी वरना कार में अपने दफ्तर से घर लौट रहे थे, उन पर मोटरसाइकिल सवारों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले कार को ओवरटेक कर रोका और बिना कुछ बोले उनपर ताबड़तोड़ वार करने लगे जिसकी किसी ने वीडियो भी बनाई जिसमे 2 लोग जिसमे एक का मुंह रूमाल से बंधा हुआ है और एक काली टीशर्ट वाला नीचे से ईट उठा कर हमला कर रहा था। इस दौरान शंकर बुरी तरह घायल हो गए। वह लहूलुहान हालत में कार के अंदर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल लुधियाना पहुंचाया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें किसी निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और CCTV फुटेज खंगालने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमला किसी पुरानी रंजिश या कारोबारी विवाद का नतीजा हो सकता है, लेकिन फिलहाल सभी पहलुओं से जांच जारी है। एसएचओ कोहाड़ा थाना ने बताया कि हमलावरों की पहचान के सुराग मिल चुके हैं, बहुत जल्द गिरफ्तारी होगी।”