जालंधरः टाटा ऐस का टायर बदल रहे एक व्यक्ति को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे व्यक्ति के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं। घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे जालंधर-गोराया हाईवे पर हुई। गनीमत रही कि हादसे के समय घायल व्यक्ति के साथ 10 साल का बेटा बाल-बाल बच गया।
मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने घायल को पहले फिल्लौर अस्पताल बाद में हालत देखते निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार है। एसएसएफ टीम इंचार्ज जसविंदर सिंह ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान शिव चंद पुत्र रामपाल हैबोवाल लुधियाना के रूप में हुई है। उनके साथ उनका बेटा लोहिताक्ष भी था।
बेटे लोहिताक्ष ने कहा कि हम जालंधर से वापिस जा रहे थे कि रास्ते में गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। पापा खुद टायर बदलने लगे। इतने में एक तेज रफ्तार ट्रक ने पापा को टक्कर मार दी और ट्रक के टायर पैरों के ऊपर से निकल गए। जब शोर मचाया तो ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। वहीं घायल की पत्नी उपासना ने बताया कि शिव का ऑपरेशन चल रहा है। अभी हालत गंभीर बताई जा रही है।