AGTF की जवाबी कार्रवाई में टांग पर लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
लुधियानाः influencer Kartik Bagganसोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कार्तिक बग्गन की हत्या मामले में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने मुठभेड़ में गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। निहंग गुरविंदर ने पुलिस टीम पर फायरिंग की तो जवाबी कार्रवाई में उसकी टांग पर पुलिस ने गोली मारी। गुरविंदर को पहले जगराओं सिविल अस्पताल दाखिल करवाया फिर देर रात लुधियाना के सिविल अस्पताल में लाया गया।
एनकाउंटर दौरान खुलासा हुआ कि जब पुलिस ने उसे दबोचा तो वह एक अलग वेशभूषा में था। कार्तिक की हत्या के बाद उसने पुलिस से बचने के लिए अपने केस कटवा दिए थे। वह सिधवां बेट में अपने दूर के रिश्तेदार के पास रह रहा था। ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से निहंग गुरविंदर सिंह को पुलिस टीम ने दबोचा। पुलिस उसके रिश्तेदारों से भी पूछताछ करेगी। गुरविंदर को जब अस्पताल से डिसचार्ज किया जाएगा तो थाना दरेसी की पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल करेगी। रिमांड दौरान कई अहम खुलासे भी होंगे। निहंग गुरविंदर को डोनी बल्ल और मुन्न घनश्यामपुरिया का करीबी बताया जा रहा है। मामले में पुलिस पहले ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
कार्तिक बग्गन की हत्या के केस में अभी तक 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 1 को लुधियाना से और 2 आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया था। अब गुरविंदर को सिधवां बेट के इलाके से मुठभेड़ दौरान पुलिस ने काबू किया है। पुलिस का कहना है कि जब टीम आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे टांग में 2 गोली लगी है। आरोपी करीब डेढ़ माह से हत्या के आरोप में फरार चल रहा था।