कोडरमाः जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के करौंजिया गांव में बीती देर रात एक 24 वर्षीय युवक द्वारा छोटी सी बात को लेकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।
जानकारी देते मृतक की मां ने बताया कि शुक्रवार शाम उनका बड़ा बेटा और बहू बरही स्थित अपने ससुराल मेले में गए थे। वह खुद भी पड़ोस की महिलाओं के साथ पास के गांव मेले में शामिल होने गई थी। उन्होंने छोटे बेटे सूरज को भी साथ चलने को कहा था, लेकिन उसने घर पर रुककर चाऊमीन बनाने और घर की देखभाल करने की बात कही। देर रात जब मां लौटीं तो सूरज ने दरवाजा नहीं खोला। खिड़की से झांकने पर देखा कि वह कमरे के अंदर पंखे से साड़ी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा।
परिजनों के अनुसार सूरज का विवाह दो साल पहले जयनगर थाना क्षेत्र के डहुआटोल गांव निवासी खुशबू से हुआ था। उनकी एक बेटी भी है। कुछ महीने पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जो महिला थाना तक पहुंचा। आरोप है कि वहां सूरज को पत्नी के मायके वालों और थाने के लोगों ने प्रताड़ित किया। इसके बाद पत्नी मायके चली गई। इससे सूरज गहरे तनाव में रहने लगा। इसी बीच उसके ससुराल वालों द्वारा लगातार धमकियां दी जाने लगीं कि उसका जीवन बर्बाद कर देंगे। आशंका जताई जा रही है कि इन सब बातों से आहत होकर ही सूरज ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।