बेंगलुरु: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तबीयत बिगड़ने की वजह से अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है। वह बेंगलुरु के एक अस्पताल में एडमिट हैं। उन्हें एमएस रमैया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, लगातार बुखार की शिकायत के बाद खड़गे को अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल टीमों ने तुरंत उनके कई टेस्ट किए।
डॉक्टरों ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन खड़गे की हालत स्थिर होने तक उन्हें निगरानी में रखा जाएगा। बुखार के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और अस्पताल प्रशासन से जल्द ही और जानकारी मिलने की उम्मीद है। खड़गे के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता फैल गई है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सोशल मीडिया पर भी विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के संदेश आ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि घबराने वाली कोई बात नहीं है और कांग्रेस अध्यक्ष की हालत स्थिर है।