कुटलैहड़ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को देने के लिए अस्पतालों में पूरा किया स्टाफ:विवेक शर्मा
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। यह शिविर स्वास्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना और समाज में स्वस्थ परिवार की नींव रखना है।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव और हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। कुटलैहड़ क्षेत्र में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कुटलैहड़ के सिविल अस्पताल बंगाणा और थानाकलां को और सुदृढ़ किया जाएगा। यहाँ पूर्णकालिक स्टाफ, हर प्रकार के रक्त व पैथोलॉजी टेस्ट, जन औषधि केंद्र से सस्ती दवाइयों की उपलब्धता और आधुनिक उपकरणों के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी।
इस अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और वृद्धाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से न केवल महिलाओं का स्वास्थ्य सुधरेगा, बल्कि परिवार और समाज भी सशक्त होगा। शिविर में महिलाओं के लिए गायनेकोलॉजी, नेत्र रोग, अस्थि रोग, दंत चिकित्सा, हृदय रोग, शुगर व ब्लड प्रेशर जांच, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और लैब टेस्ट जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 500 से अधिक मरीजों की जांच की। इस मौके पर स्वास्थ्य स्टाफ एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे।