अमरोहाः उत्तर प्रदेश के अमरोहा से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां बारात में ही कुछ लोगों ने बग्घी में बैठे दूल्हे के साथ जमकर मारपीट कर दी। मिली जानकारी के अनुसार एक दर्जन से अधिक युवकों ने दूल्हे को बग्गी से खींचकर मारपीट करते हुए सिर फोड़ दिया। इस घटना को लेकर बारातियों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में दूल्हे को हसनपुर सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। जानकारी के अनुसार सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव ऊपर वाला तरारा निवासी आकाश पुत्र वीर सिंह की बारात बीते दिन देर शाम क्षेत्र के ही गांव सोहत निवासी रामपाल सिंह के घर गई थी।
View this post on Instagram
इस दौरान दर्जन भर युवकों ने दूल्हे आकाश पर हमला कर दिया। आरोपी युवकों ने बग्गी से दूल्हे को खींचकर उसकी पिटाई की। इस मारपीट में दूल्हा गंभीर घायल हो गया। उसका उपचार करवाया गया। बारातियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर दूल्हे को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। दूल्हे के पिता वीर सिंह ने बताया कि एक दिन पहले गांव का एक युवक बारात में हंगामा करने की धमकी देकर गया था। उन्होंने इस घटना को पूर्व नियोजित साजिश बताया है। घायल दूल्हे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
दूल्हे के भाई पवन कुमार ने बताया कि हमारे गांव के ही एक लड़के का मेरे भाई से किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। इसके बाद दोनों को समझा-बुझाकर शांत कर घर भेज दिया था। विवाद किस बात को लेकर हुआ था यह नहीं पता। इसके बाद वह भाई को चैलेंज देकर गया था कि मैं तेरी बारात चढ़ने नहीं दूंगा। वहीं, दूल्हे आकाश का कहना है कि बारात चल रही थी वह बग्घी पर बैठा था। अचानक 15 से 16 लड़कों ने बग्गी पर चढ़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
आखिरकार शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे दूल्हा-दुल्हन ने पुलिस सुरक्षा में फेरे लिए। वहीं इस मामले में दूल्हे की तहरीर पर पुलिस ने 3 नामजद समेत 4 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष सैदनंगली विकास सेहरावत ने बताया कि दूल्हे आकाश की तहरीर पर जसवंत पुत्र अमर सिंह, पवन पुत्र अमर सिंह, जसवीर पुत्र अमर सिंह निवासी तरारा समेत 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है और ये मामला चर्चाओं में बना हुआ है।