ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र इस वर्ष प्राकृतिक आपदा के चलते बड़ी चुनौती का सामना कर रहा है। बरसात के दिनों में आई बाढ़ जैसी स्थिति ने यहां सैकड़ों परिवारों को प्रभावित किया। कई घर बह गए, कई परिवार बेघर हो गए और खेत-खलिहान भीषण तबाही की चपेट में आ गए। इस संकट की घड़ी में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा लगातार राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि इस आपदा में हुए नुक्सान की भरपाई करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। विवेक शर्मा ने जानकारी दी कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। यह रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट में नुकसान का विस्तृत ब्यौरा दर्ज किया गया है, जिसमें मकानों के ढहने से लेकर फसलों और पशुधन के नुकसान तक का आकलन शामिल है।
उनका कहना था कि “मेरे कुटलैहड़ परिवार का जो नुकसान हुआ है, उसकी जल्द से जल्द भरपाई होनी चाहिए और इसके लिए मैं स्वयं सरकार से आग्रह करूंगा। उन्होंने राज्य सरकार से भी अपील की कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र को विशेष राहत पैकेज दिया जाए। विवेक शर्मा का कहना है कि बाढ़ जैसी आपदा से केवल व्यक्तिगत परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं, सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और कई स्थानों पर जल आपूर्ति और बिजली की व्यवस्था भी ठप हुई है। ऐसे में सरकार को विशेष पैकेज की घोषणा करनी चाहिए, जिससे कि बुनियादी ढांचे की मरम्मत के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को स्थायी राहत मिल सके।