पंचकूला: एंटी नारकोटिक्स सेल ने रामगढ़ क्षेत्र से अवैध हथियार के साथ एक युवक गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड लिया गया ताकि उनसे पूछताछ करके इस मामले में शामिल बाकी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अवैध देसी कट्टा बेचना चाहता था परंतु पुलिस ने आरोपी को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ चंडी मंदिर थाने में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला भी दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर रहे परविंदर सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि रामगढ़ में एक युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद है।
सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज प्रवीण कुमार की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने युवक को काबू किया। गिरफ्तार युवक की पहचान राजा निवासी बिहार के तौर पर हुई है। युवक की जब तलाशी ली तो एक देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के अंतर्गत थाना चंडीमंदिर में मामला भी दर्ज कर लिया गया है। आज आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया और 1 दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ चल रही है और पुलिस मामले की गहराई से जांच भी कर रही है।