सिरमौरः हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में बीते मंगलवार को यमुना नदी में डूबे तीन लड़कों का 24 घंटे बाद कोई सुराग नहीं लग पाया। बता दें कि, मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे पांवटा साहिब के यमुना घाट के पास पहले 23 वर्षीय अमित नदी में नहाने उतरा। अमित को नदी में डूबते देख उसे बचाने के लिए 2 सगे भाई 22 वर्षीय कमलेश और 20 वर्षीय रजनीश नदी में उतरे। वह, दोनों भी अमित के साथ नदी के तेज बहाव में बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने काफी दूर तक तीनों को पानी में बहते हुए देखा।
तीनों लड़के सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के रहने वाले हैं। स्थानीय प्रशासन ने इनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ को बुला लिया है। एनडीआरएफ की टीम और लोकल गोताखोर आज सुबह सर्च ऑपरेशन में जुट गए हैं। मगर नदी में जल स्तर अधिक होने से पता नहीं चल पा रहा है। वहीं, नदी में डूबे दो भाईयों के दादा को जैसे ही पोते के डूबने की खबर मिली, वह बेहोश हो गए। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना के बाद पूरे शिलाई क्षेत्र में शोक की लहर है।
एसएचओ पांवटा साहिब देवी सिंह नेगी ने बताया कि लापता लड़कों का अब तक सुराग नहीं लग पाया है। प्रशासन ने इनकी तलाश के लिए एनडीआएफ टीम को बुला दिया है, जो कि बीती शाम को ही पहुंच गई और सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों लड़के अपने कुल देवता के स्नान के लिए हरिद्वार गए हुए थे। गांव के काफी संख्या में लोग भी देवता के साथ हरिद्वार गए थे। सोमवार शाम को ही ये लोग हरिद्वार से लौटने के बाद पांवटा साहिब पहुंचे।