लुधियानाः पंजाब में आए दिन गोलियां चलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। साहनेवाल के नंदपुर सूए के पास कांग्रेस नेता के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है, जो लुधियाना में यूथ कांग्रेस नेता अनुज कुमार का भाई था। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने युवक को अहाते (शराब पीने का ठिकाना) में घेरा और गोलियां मारीं। वारदात के बाद खून में लथपथ अवस्था में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ਪੰਜਾਬੀ ਵਿੱਚ ਪੜ੍ਹੋ:
फिलहाल, थाना साहनेवाल के एसएचओ गुरमुख सिंह के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी गुरमुख सिंह ने बताया है कि यह घटना सोमवार देर रात हुई है। मृतक के भाई अनुज कुमार ने उन्हें बताया कि नंदपुर सूए के पास उनका भाई अमित अहाता चलाता था। वह सोमवार को अहाते में काउंटर पर ही मौजूद था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर 3 लोग वहां पहुंचे। अनुज ने पुलिस को बताया है कि ये लोग अहाते में सामान लेने के बहाने घुसे थे। इनसे काउंटर पर बैठे अमित के साथ कुछ कहासुनी हुई।
इसके बाद 3 लोगों में से एक ने पिस्टल निकालकर अमित को गोली मार दी। गोली अमित के सीने में लगी, जिससे वह अचेत होकर गिर गया। मृतक के भाई के अनुसार, मौके पर मौजूद लोग अमित को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। रास्ते में ही उसका काफी खून बह गया था। जब तक वह अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, वारदात को अंजाम देकर तीनों बाइक सवार मौके से भाग गए थे। हालांकि, बदमाश कौन थे, इसका पता नहीं चल पाया।