अलवरः जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां, घर के बाहर खेल रहा मासूम कार के नीचे आ गया। तेज रोने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े और घायल अवस्था में बच्चे को हॉस्पिटल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी देते थानाधिकारी विक्रांत शर्मा ने बताया कि गुंति निवासी अविनाश यादव का 2 साल का बेटा लविश अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी एक कार सवार ने गाड़ी को बैक किया और बच्चा उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लविश के सिर में गंभीर चोट लग गई। मासूम को तुरंत उसी कार से बहरोड़ के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए जयपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे तुरंत जयपुर ले गए, लेकिन इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। मासूम का शव वापस बहरोड़ लाया गया, जहां पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को बॉडी सौंप दी। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।