खगड़ियाः जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 5 लड़कों ने एक 14 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वहीं, अब पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते पीड़िता की मां ने बताया कि वह बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के निवासी हैं। 12 सितंबर को पड़ोसी गांव के एक युवक ने नाबालिग लड़की को बातचीत करने के लिए घर से बुलाया और फिर बाइक पर बैठाकार उसे गांव के बांध पर ले गया, जहां पर अन्य लड़के पहले से मौजूद थे। इसके बाद सभी ने पहले जबरन लड़की को शराब पिलाई और फिर उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए। वहीं, दूसरे दिन बच्ची किसी तरह अपने घर पर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई, लेकिन लोक लाज के डर से परिजनों ने पुलिस को नहीं बताया।
वहीं, बाद में हिम्मत कर पीड़िता की मां ने आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल लड़कों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।