जालंधर, ENS: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक बयानों के कारण फंस गई है। खेत कानूनों के खिलाफ संघर्ष के दौरान गांव बहादरगढ़ जंडियों की वरिष्ठ महिला किसान महिंदर कौर के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करने के मामले में भाजपा सांसद कंगना रनौत को फिर से बठिंडा कोर्ट से समन जारी किए गए हैं। वहीं इस मामले में पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया का बयान सामने आया है। मीडिया से बात करते हुए कालिया ने कहा कि कोर्ट द्वारा जारी समन को लेकर अब कंगना को कोर्ट में पेश होना पड़ेगा।
जहां कंगना को कोर्ट में इसका जवाब देना होगा। कंगना का बिना नाम लिए कालिया ने कहाकि कुछ भी बोलने से पहले 100 बार सोचना चाहिए। ज्यादा बड़बोले को इसका खामियाजा भुगतना ही पड़ता है। दूसरी ओर राहुल गांधी के पंजाब दौरे पर रावी दरिया के पास उन्हें रोके जाने के मामले को लेकर कालिया ने कहा कि वहां की परिस्थितियों को लेकर पुलिस ही बता सकती है। उन्हें लगता है कि पानी ज्यादा होने के कारण हो सकता है कि खतरे को देखते हुए पुलिस द्वारा राहुल गांधी को रोका गया हो।
वहीं होशियारपुर में 4 वर्षीय बच्चे के कत्ल को लेकर पंजाब भर में प्रवासियों को लेकर रोष पाया जा रहा है। वहीं जालंधर के साबोवाल में प्रवासियों को लेकर देर रात रोष पाए जाने पर कालिया ने कहा कि एक व्यक्ति को लेकर समाज को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि हमारे पंजाबी भाई भी विदेशों में पैसे कमाने के लिए गए हुए है। कालिया ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इसकी सजा उक्त व्यक्ति को जरूर मिलनी चाहिए, लेकिन समाज को दोषी कहना ठीक नहीं है। कालिया ने माना कि अगर पंजाब से प्रवासी वापिस अपने राज्य लौट गए तो कारोबारियों को काफी नुकसान पहुंच सकता है।