लुधियाना: जिले के आत्म पार्क पुलिस चौकी के सामने 4 मंजिला बिल्डिंग में देर रात आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। इस घटना में कार एसेसरीज की दुकानों में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते आग ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखी महंगी कार एसेसरीज और अन्य सामान पल भर में धुएं और लपटों में बदल गया। अनुमान है कि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है।
जानकारी देते हुए राहगीर रोहन ने कहा कि वह सड़क से गुजर रहा था तो अचानक उसने चार मंजिला बिल्डिंग से धूआ निकलता देखा। उसने जब गौर से बिल्डिंग को चेक किया तो पहली मंजिल पर बनी कार एसेसरीज की दुकानों में आग लगी हुई थी। दुकान के अंदर काफी सामान फूटने और धमाके की आवाज आ रही थी। उसने शोर मचाया और आस-पास के लोगों को सूचना दी। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। इलाका निवासियों के मुताबिक शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। दमकल कर्मियों ने आस-पास की बिल्डिंगों में से लोगों को बाहर निकाला और लिंक रोड पर पानी की गाड़ी खड़ी करके बौछारें चलाई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत और 4 पानी की गाड़ियां लगने के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस घटना में पंजाब भाजपा नेता जीवन गुप्ता की दुकान भी पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई। इससे इलाके में सियासी हलकों में भी चर्चा का माहौल बन गया है। जीवन गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन से इस घटना की विस्तृत जांच और पीड़ित दुकानदारों को राहत देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से आग लगी होगी, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।