आपदा के समय कोई राजनीति नहीं केवल पीड़ित परिवारों की मदद करना लक्ष्य:दविंदर भुट्टो
ऊना/सुशील पंडित:कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने आपदा से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री और आर्थिक सहयोग प्रदान कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया है। उन्होंने क्षेत्र के बूढ़वार, बराली, कोलका, रायपुर, परोइयां और दोबड़ गांवों में जाकर प्रभावित लोगों को 100 से अधिक राशन किट, तिरपाल और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। साथ ही कई परिवारों को आर्थिक मदद भी दी गई। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने आश्वस्त किया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और आगे भी राहत कार्यों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में समाज के सभी वर्गों को आगे आकर पीड़ित परिवारों की मदद करनी चाहिए, ताकि उनका दुख कुछ हद तक कम हो सके। इस मौके पर भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने बूढ़वार युवक मंडल को प्रोत्साहित करते हुए जिम बनाने के लिए 20 हजार रुपये की विशेष घोषणा की। उन्होंने प्रशासन से भी आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि लोग सुरक्षित आवास और जीवन की मूलभूत सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर ग्रामीणों ने पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे समय में जब उनकी रोजमर्रा की जिंदगी कठिनाइयों से जूझ रही है, भुट्टो का यह सहयोग उन्हें बड़ा सहारा प्रदान कर रहा है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा सूरम सिंह,अजय शर्मा के अलावा युवक मंडल मौजूद रहा।