पीड़ित परिवारों को दी फौरी राहत राशि,एवं राशन किट, बोले पीड़ित परिवारों की होगी हर संभव मदद
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत चमयाड़ी, सरोह, खेड़ी और चमुक्खा इन दिनों भारी बारिश और भूस्खलन की मार झेल रही हैं। लगातार हो रही बारिश से यहां की सोलहसिंगी धार सहित कई इलाकों में भूस्खलन ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जगहों पर मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं, खेत धंस गए हैं और रास्ते बंद हो गए हैं। लोगों के लिए सामान्य जीवन कठिन हो गया है। ऐसे मुश्किल हालात में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने न केवल पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका दुख-दर्द साझा किया, बल्कि राहत सामग्री भी वितरित की। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर सुनिश्चित किया कि जरूरतमंद परिवारों तक तुरंत मदद पहुँचे। भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों को विधायक द्वारा राशन किट, तिरपाल और फौरी आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अब तक कुटलैहड़ विस क्षेत्र की लगभग हर पंचायत में जाकर राहत सामग्री वितरित कर चुके हैं। उनके प्रयासों से अभी तक करीब 260 राशन किट, तिरपाल और 84 पीड़ित परिवारों को फौरी आर्थिक मदद दी जा चुकी है। गांव के लोगों का कहना है कि जब अचानक उनका मकान ढह गया या उसमें दरारें पड़ गईं, तो विधायक उनके पास पहुंचे। उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया कि इस आपदा की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं।
इस मौके पर बंगाणा के प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने विधायक को आपदा से हुए नुक्सान की जानकारी दी और बताया कि लगातार प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। प्रशासन ने बताया कि जिन रास्तों पर भूस्खलन से अवरोध आ गया है, वहां तुरंत मशीनरी लगाकर सड़कें बहाल की जा रही हैं।
बंगाणा की सोलहसिंगी धार की ग्राम पंचायत चमयाड़ी , सरोह आदि में कई मकानों में दरारें आईं, लोग अपने घर खाली करने को मजबूर हुए। सरोह गांव में भूस्खलन के चलते खेत धंस गए और पेयजल योजना की पाइपें क्षतिग्रस्त हो गईं। खेड़ी पंचायत में पशुशालाएं ढह गईं, जिससे लोगों को अपने पशु सुरक्षित स्थानों पर भेजने पड़े। चमुक्खा पंचायत में कई परिवारों को अस्थायी रूप से रिश्तेदारों के घर शरण लेनी पड़ी।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस बार की बरसात ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जहां पहले केवल खेतों और कच्ची सड़कों को नुकसान होता था, वहीं इस बार पक्के मकान और सरकारी योजनाएं तक क्षतिग्रस्त हो गई हैं।इस मौके पर एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल,तहसीलदार अमित कुमार,खंड बिकास अधिकारी सुशील कुमार,कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा शर्मा,कार्यकारी अध्यक्ष विवेक मिंका,स्थानीय प्रधान एवं गणमान्य मौजूद रहे।