अमृतसरः पंजाब में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर स्थिति को देखते हुए, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज अमृतसर के घोनेवाल गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों और किसानों से मुलाकात की। लोगों ने चौहान को घरों के हुए नुक्सान, पशुओं की मौत और खेतों में फसलों के पूरी तरह नष्ट होने की जानकारी दी। किसानों ने खुलकर अपनी समस्याएं व्यक्त कीं और कहा कि बाढ़ के कारण उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
चौहान ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार बाढ़ से जुड़ी हर स्थिति की गंभीरता से समीक्षा कर रही है। बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा सरकार की प्राथमिकता है और स्थिति का पूरा आंकलन करने के बाद जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी और अधिक जानकारी साझा की जाएगी। सरकार लोगों के साथ हर वक्त खड़ी है और उन्हें परेशानी नहीं आने दी जाएगी।