नई दिल्ली: अयोध्या के राम मंदिर परिसर में परिक्रम पथ पर एक वैक्स म्यूजियम बन रहा है। इसका उद्घाटन इस साल दीपोत्सव के मौके पर होगा। सरकार का कहना है कि इस परियोजना में अभी तक करीबन 7.5 करोड़ रुपये के निवेश हो चुका है और निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।
इस बारे में जानकारी यूपी सरकार ने रविवार को दी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या राम मंदिर परिसर में बन रहे भव्य वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन इस साल दीपोत्सव के मौके पर किया जाएगा। ये म्यूजियम परिक्रम पथ पर बन रहा है जो कि 10,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है। मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को एक अनूठा-सांस्कृतिक और ऐतिहासिक अनुभव मिलेगा।
7.5 करोड़ का निवेश
सरकार के मुताबिक, इस परियोजना में करीबन अब तक 7.5 करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है। इस म्यूजियम में रामायण से जुड़ी हुई लगभग 50 महान हस्तियों की मोम की मूर्तियां लगाई जाएगी। इसमें भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव और जटायु शामिल है। हर मूर्ति को जीवंत रुप दिया जाएगा। यह विस्तृत तौर पर भाव-भंगिमाएं, पांरपरिक वेशभूषा और ऐतिहासिक प्रामाणिकता पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है।
बयान में आगे यह भी कहा गया है कि म्यूजियम में राम-रावण युद्ध, हनुमान की लंका यात्रा और राम सेतु के निर्माण जैसे रामायण के प्रमुख प्रसंगों को मोम की कलाकृतियों और आधुनिक तकनीक के मिश्रण के जरिए से पुनर्जनन किया जाएगा। ऑडियो-विजुअल प्रभाव और इंटरैक्टिव डिस्प्ले इस अनुभव को और भी खास बना देंगे।
सामने आई जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र स्थित एक संगठन और केरल के विशेषज्ञों के सहयोग से इन मूर्तियों का निर्माण हो रहा है। ये मूर्तियां इतनी खास होगी कि भक्तों और पर्यटकों को रामायण काल की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। बयान में यह भी बताया गया है कि सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार ने अयोध्या को वैश्विक पर्यटन स्थल के तौर पर स्थापित करने में कई महत्वकांक्षी परियोजनाएं शुरु कर दी है।
इस वैक्स म्यूजियम के निर्माण को भी इसी दिशा में एक खास कदम माना जा रहा है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि म्यूजियम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे समय पर पूरा करने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि हर साल दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में लाखों दीए जलाए जाते हैं। इसने इस शहर को वैश्विक पहचान और विश्व रिकॉर्ड भी दिलवाए हैं। इस साल दीपोत्सव पर वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन इस उत्सव को और भी खास बना देगा।