पठानकोटः जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण शहर में कई जगहों पर पानी भर गया है। ऐसे में डेंगू के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पांव फूले हुए नजर आ रहे हैं। पिछले वर्षों में आए डेंगू के मरीजों के चलते सिविल अस्पताल प्रशासन ने 35 बेड का एक अलग डेंगू वार्ड भी तैयार कर लिया है। हालांकि, पिछले वर्षों में डेंगू के प्रकोप को देखते हुए पठानकोट के लोग जागरूक नजर आ रहे हैं, क्योंकि इन दिनों सिविल अस्पताल में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है और एहतियात के तौर पर अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा मरीजों के डेंगू टेस्ट किए जा रहे हैं, जिनमें ज्यादातर मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आ रही है।
इस संबंध में जब अस्पताल के डॉक्टरों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर में बारिश हो रही है और इस दौरान अस्पताल में बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, जिनके डेंगू के टेस्ट भी करवाए जा रहे हैं, लेकिन इनमें से अधिकतर मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आ रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से डेंगू के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया था, जिसके चलते इस साल डेंगू के मरीजों में कमी आई है, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अस्पताल में 35 बेड का डेंगू वार्ड तैयार किया है।
सिविल अस्पताल के डा. रोहित भारद्वाज ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सिविल अस्पताल में डेंगू का इलाज और टेस्ट पूरी तरह से मुफ्त हैं। अगर किसी को भी अपने स्वास्थ्य को लेकर कोई संदेह है, तो वह सिविल अस्पताल में जांच करवा सकता है।