लुधियानाः जिले के समराला की कपिला कॉलोनी में वकील और उनके परिवार पर पड़ोसी द्वारा तलवार से हमला करने का मामला सामने आया है। हादसे में वकील की पत्नी और मां भी घायल हो गए। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते वकील कुलतार सिंह ने बताया कि वह आज सुबह 9:40 बजे बाइक पर निकल रहा था कि तभी पड़ोसी बिल्लू ने तलवार से उन पर हमला कर दिया। कुलतार सिंह को बचाने आई उनकी पत्नी मनप्रीत कौर और मां शरणजीत कौर पर भी बिल्लू ने वार किए। सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। हमले में कुलतार के सिर पर गहरी चोट आई, उन्हें 2 टांके लगे। उनकी मां शरणजीत के कान के पास गहरा जख्म हुआ, जिसमें 9 टांके लगे। वहीं मनप्रीत का हाथ टूट गया और शरीर पर कई चोटें आई हैं।
तीनों का इलाज समराला के सिविल अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से घर के बाहर खड़ा होकर गालियां दे रहा था। मोहल्ले के लोगों के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और पहले भी कई बार विवाद कर चुका है।
समराला थाना प्रभारी पवित्र सिंह ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। वह फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।