मोगा: गांव घल कलां में लव मैरिज के मामले में लड़के की मां के साथ मारपीट के मामले में काफी दिन बीत जाने के बाद पुलिस एक्शन मोड पर आई। जहां अब पुलिस ने पीड़ित परिवार को बयानों पर महिला सरपंच के पति (सुखचैन सिंह) और 2 महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी और डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई थी। जिसमें परिवार के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट करके उसके घर को ताला लगाया गया।
आरोपियों के खिलाफ होगा सख्त एक्शन
जिसके बाद उक्त परिवार को गांव से बाहर निकालने की कोशिश की गई। इस मामले में पीड़ित महिला जसवीर कौर के बयान दर्ज करके आरोपी महिला कुलदीप कौर, कुलदीप कौर और महिला सरपंच के पति सुखचैन सिंह के खिलाफ धारा 333, 115(2),3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस मामले की जांच में अगर कोई और भी आरोपी पाया गया, उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एक्शन में आई महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली
वहीं सूत्रों के अनुसार इस मामले को लेकर महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी को नोटिस जारी करके मामले की रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वायरल हुई वीडियो में यह देखा जा सकता है कि 2 महिलाएं लड़के की मां के बाल खींचते उसको घसीटते और मारपीट करते हुए नजर आ रही हैं। लव मैरिज से नाराज हुए कुछ लोगों ने लड़के के परिवार के साथ मारपीट की। मारपीट के साथ-साथ उसके घर में ताला लगाकर उनको गांव से बाहर निकाल दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोषियों की पहचान कर ली गई है। जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच शुरु हो चुकी है।
ये है पूरा मामला
गांव निवासी तरसेम सिंह के बेटे मेलानाथ ने 5 मई 2025 को गांव की एक युवती (जश्नदीप कौर) से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों कहीं ओर जाकर रह रहे थे। गांव की पंचायत ने पहले ही प्रस्ताव पास कर दिया था कि यदि कोई युवक या युवती लव मैरिज करेंगे तो उसको गांव में रहने नहीं दिया जाएगा। इसी प्रस्ताव के अंतर्गत लड़की के परिवार और सरपंच के पति सुखचैन सिंह ने लड़के की मां जसबीर कौर पर दबाव बनाना शुरु कर दिया। जसबीर कौर डर के चलते दो महीने तक रिश्तेदारों के घर पर रही। 21 जुलाई को जब वह घर वापिस आई तो सरपंच के पति और करीब 100 लोग उनके घर में पहुंचे। वहां लड़की के परिवार ने जसबीर कौर की पिटाई की और घर में ताला लगाकर उनको गांव से बाहर कर दिया।