लुधियानाः विदेशी धरती पर पैसे कमाने और अपना सुनहरी भविष्य बनाने को लेकर युवाओं में काफी क्रेज है। जिसके चलते भारी संख्या में युवा विदेश में जा रहे है। लेकिन पिछले कुछ समय से विदेशों से दुखद घटनाएं सामने आ रही है। जहां विदेशों में पिछले कुछ सालों में कई युवाओं की मौत होने की घटनाएं सामने आ चुकी है। वहीं अब ताजा मामला खन्ना के अमलोह रोड पर सनसिटी में किराए के फ्लैट में रहते एक परिवार पर दुखों का पहाड़ गिरने का मामला सामने आया है। जहां परिवा के इकलौते बेटे की विदेशी धरती पर मौत हो गई।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय साई ध्रुव कपूर के रूप में हुई है। साई ध्रुव रूस के मास्को में स्टडी करता था। वह अपने 3 दोस्तों के साथ मास्को में समुद्र किनारे नहाने गया था। इसी बीच समुद्र की तेज लहरों के बीच साई ध्रुव बह गया, जबकि उसके दोस्त बाल-बाल बच गए। जब तक साई ध्रुव को रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रूस से साई को रेस्क्यू करके बाहर निकालने व अस्पताल पहुंचाने की फुटेज भी परिवार के पास पहुंची है। पिता करण कपूर ने बताया कि वे ऋण सलाहकार के तौर पर अमलोह रोड पर छोटा सा ऑफिस चलाते हैं।
परिवार पहले से आर्थिक तौर पर मजबूत नहीं है। साई ध्रुव को करीब एक साल पहले ही स्टडी वीजा पर रूस भेजा गया था। ध्रुव ने पहले अपने घर फोन करके पिता से बोला था कि वह दोस्तों संग समुद्र किनारे घूमने जा रहा है। पिता पहले मना करने लगे थे लेकिन मन में आया कि सप्ताह भर के बाद बेटे को जाना होता है क्यों रोकना है। कुछ ही समय बाद फोन पर सूचना मिली कि बेटा समुद्र में बह गया। उसका शव निकाला गया। ध्रुव परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार ने केंद्र व पंजाब दोनों सरकारों से मांग की है कि वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार भारत में करना चाहते हैं। उनकी शव लाने में मदद की जाए।