नूंहः हरियाणा के नूंह में हर साल की तरह इस बार भी सावन के पहले सोमवार पर बृजमंडल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा नूंह के नल्हरेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर पुन्हाना के श्रृंगेश्वर मंदिर तक जाएगी। यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नूंह जिले में इंटरनेट और बल्क एसएमएस सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद की गई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी विश्राम कुमार मीणा ने रविवार को एक आदेश जारी कर सभी तरह के हथियार ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। सिर्फ सिख समुदाय के सदस्यों को धार्मिक प्रतीक के रूप में धारण किए जाने वाले म्यान वाले कृपाण को ही इससे छूट दी गई है।
आदेश में कहा गया है कि यात्रा के दौरान धार्मिक रूप से भड़काऊ या किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री जैसे- डीजे, लाउडस्पीकर या साउंड डिवाइस के इस्तेमाल पर भी सख्ती से रोक रहेगी। जिला प्रशासन ने रविवार से यात्रा मार्ग पर मांस की बिक्री पर भी बैन लगा दिया है। ऐसे में कांवड़ मार्ग पर मांस की दुकानें 24 जुलाई तक बंद रहेंगी। दरअसल, यहां दो साल पहले जलाभिषेक यात्रा पर हमला हो गया था। इसके बाद फायरिंग और आगजनी हुई थी। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस बार भी बृजमंडल यात्रा से पहले रात के समय तावडू में मजार तोड़ दी गई। हालांकि, अब तक किसी तरह के हंगामे की खबर नहीं है।
इसके साथ ही एक अधिकारी ने ये भी बताया कि क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं और ड्रोन से निगरानी शुरू कर दी गई है। हरियाणा सरकार ने रविवार को नूंह में न सिर्फ मोबाइल इंटरनेट, बल्कि एसएमएस सेवाओं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और मोबाइल नेटवर्क पर दी जाने वाली सभी डोंगल सेवाओं को 24 घंटे के लिए सस्पेंड करने का आदेश दिया। ये सेवाएं 13 जुलाई की रात 9 बजे से 14 जुलाई रात 9 बजे तक निलंबित रहेंगी। हालांकि इसमें वॉयस कॉल को छूट दी गई है। राज्य गृह विभाग के आदेश के मुताबिक इस कदम का मकसद व्हाट्सएप, फेसबुक और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए से गलत जानकारी और अफवाहों को फैलने से रोकना है।
आंदोलनकारियों या प्रदर्शनकारियों के किसी भी जुटान की जांच करना है जो आगजनी, तोड़फोड़ या अन्य हिंसक गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है। पुलिस के अनुसार, गौ रक्षक बिट्टू बजरंगी को यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई है और उसके सोशल मीडिया अकाउंट को भी सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक नूंह जिले के पेट्रोल पंपों पर बोतलों जैसे खुले पात्रों में पेट्रोल या डीजल की बिक्री बैन रहेगी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को यात्रा के दौरान करीब 2,500 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे उन्होंने बताया कि सोमवार को सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे। वहीं सोहना के रेवासन टोल प्लाजा के पास पहली बैरिकेडिंग की गई है।
नूंह से 20 किलोमीटर पहले ही वाहनों की चेकिंग किए जाने के बाद एंट्री दी जा रही है। ऐसे में नूंह पहुंचने के लिए सोमवार को ऐसी आधा दर्जन बैरिकेडिंग को पार करना होगा। ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले धारा 163 की कई पाबंदियां अगले 24 घंटे तक लागू रहेंगी। पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स की 22 टुकड़ियों की तैनाती की गई है। नूंह में घोड़ा पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की भी तैनाती की गई है। ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर एंट्री और एग्जिट पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं। भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। पुलिस की तरफ से डायवर्सन रूट जारी किया गया है और भारी वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है। ऐसे में भारी वाहन केएमपी एक्सप्रेस-वे या मुंबई एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके साथ ही रात के समय नाईट विज़न ड्रोन से निगरानी की जाएगी।