बठिंडा: शहर के फेस-थ्री इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत दोस्तों ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ही 21 वर्षीय दोस्त का बेरहमी से कत्ल कर दिया। मृतक की पहचान लंबी के गांव लालबाई निवासी अमरोज सिंह के रूप में हुई है, जो बठिंडा में आईएलट्स की तैयारी कर रहा था। जानकारी के अनुसार, अमरोज रविवार को अपने पुराने दोस्तों से मिलने बठिंडा आया था।
रात को सभी दोस्त फेस-थ्री में एक जगह एकत्र हुए और शराब पीने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। गुस्से में आए दोस्तों ने तेजधार हथियार से अमरोज पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मृतक के परिवार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।