गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है। कोन्हवा एनएच 27 पर वीरवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक और स्कूल बस के बीच टक्कर हो गई है। इस घटना में बस ड्राइवर सहित नौ स्कूली छात्र घायल हो गए हैं। जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।दरअसल, घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि नगर थाना क्षेत्र के एक स्कूल का बस ड्राइवर सुबह बच्चों को थावे विदेशी टोला और कोन्हवा से बस पर बैठा कर ले जा रहा था। इसी बीच वह जैसे ही कोन्हवा के पास पहुंचकर सड़क के दूसरे तरफ जाने के लिए आगे बढ़ा तो तेज रफ्तार टर्क सामने से आने लग और ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
वहीं खतरा भांपते हुए बस ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाई, लेकिन बस रुकती इससे पहले ही अनियंत्रित ट्रक ने उसमे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार ड्राइवर और आठ बच्चे घायल हो गए। घायलों में थावे थाना क्षेत्र के विदेशी टोला गांव निवासी गौतम यादव के बेटे प्रीतम यादव, उपेंद्र शर्मा का बेटा आयुष शर्मा, जितेंद्र शर्मा का बेटा बिशु शर्मा, गौतम यादव का बेटा पीयूष यादव, सुनील गुप्ता की बेटी अंजलि कुमारी, भोला साह का बेटा हिमांशु गुप्ता, अनिल गुप्ता की बेटी दिव्या कुमारी और तिरबिरवा गांव निवासी बस ड्राइवर रामाधार यादव शामिल है।
इस संदर्भ में डॉ. दानिश अहमद ने बताया कि “कुल 8 बच्चों का इलाज किया गया है, सभी बच्चे स्टेबल हैं।” वहीं नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि ट्रक और स्कूल बस में टक्कर हुई है। कुछ बच्चे जख्मी है उनका इलाज कराया गया है. ट्रक और बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। घटनास्थल से ट्रक और स्कूल बस को जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।