नई दिल्लीः पुलिस ने बीती रात एक मुठभेड़ के बाद काला जठेड़ी गिरोह के एक शूटर को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है। जानकारी मुताबिक, कल रात करीब 10:50 बजे एक आरोपी सुहैल उर्फ जग्गी (21) जो संदीप उर्फ काला जठेरी गिरोह का शूटर और सक्रिय सदस्य है, को एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। एनकाउंटर नजफगढ़-ढांसा रोड के पास सुरेहरा चौक से कैर गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ।
कुल चार राउंड फायरिंग हुई। दो गोलियां आरोपी की तरफ से और दो पुलिस पार्टी की तरफ से चलाई गईं। आरोपी जमीन हड़पने और फायरिंग के दो मामलों में वांछित था, जो कि जाफरपुर कलां पुलिस स्टेशन में दर्ज थे। मुठभेड़ के दौरान, आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मौके से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, दो खाली कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।