ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने तीन दिवसीय जिला स्तरीय पीपलू मेले में विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने मेले में नरसिंह नारायण मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की जनता के सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने पीपलू मेले को भाईचारे, सांस्कृतिक समरसता और धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक बताया। दविंदर कुमार भुट्टो लंबे समय से नरसिंह नारायण मंदिर के प्रति विशेष श्रद्धा रखते हैं। ज्ञात हो कि वे वर्षों से इस प्राचीन मंदिर से गहराई से जुड़े हुए हैं और मंदिर के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों में गुप्त रूप से योगदान देते रहे हैं। उन्होंने कई बार मंदिर परिसर में बिना प्रचार-प्रसार के सेवा कार्यों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है।
मंदिर समिति के एक सदस्य के अनुसार दविंदर भुट्टो समय-समय पर मंदिर की स्थिति को सुधारने हेतु निजी स्तर पर सहायता देते रहे हैं, बिना किसी राजनीतिक लाभ की अपेक्षा के हर वर्ष निर्जला एकादशी के दिन भुट्टो मंदिर में विशेष रूप से पहुंचते हैं और भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। इस दिन वे परंपरागत तरीके से ढोल की थाप पर टमक बजाकर मेले के आनंद को और भी जीवंत कर देते हैं।
दविंदर भुट्टो ने कहा कि पीपलू मेला न केवल धार्मिक महत्त्व रखता है, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का भी मंच बन चुका है। इस मेले में बड़ी संख्या में लोग उमड़ते हैं, जहां स्थानीय व्यंजन, पारंपरिक लोकनृत्य, झांकियां और धार्मिक प्रवचन होते हैं। दविंदर भुट्टो ने मेले के आयोजन के लिए मंदिर समिति व स्थानीय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का कार्य करते हैं ।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ उपाध्यक्ष राज कुमार मनकोटिया,सूरम सिंह,अभय सिंह राणा विपिन शर्मा के अलावा सैकड़ों समर्थकों सहित दविंदर कुमार भुट्टो ने पीपलू मेले में भाग लिया।