मोगा: जिले के धर्मकोट कस्बे के गांव चक्कतारेवाला में शुक्रवार सुबह जमीन विवाद के चलते एक दर्दनाक हत्या का मामला सामने आया है। गांव निवासी 62 वर्षीय बुज़ुर्ग चिमन सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार चिमन सिंह ने करीब एक साल पहले गांव की महिला गुरदीप कौर उर्फ दीपु से 1 कनाल 4 मरले जमीन खरीदी थी। जमीन की पूरी रजिस्ट्री व जमाबंदी चिमन सिंह के नाम पर है लेकिन उस जमीन पर कब्जा गुरदीप कौर के भाई बलविंदर सिंह, प्रीतम सिंह और जसविंदर सिंह के पास था, जो जमीन खाली करने को तैयार नहीं थे। बलविंदर सिंह ट्रैक्टर लेकर उस जमीन पर फसल की बुआई करने पहुंचा, तो चिमन सिंह ने इसका विरोध किया। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते हिंसक हो गई।
परिवार के आरोप है कि बलविंदर सिंह ने गुस्से में आकर ट्रैक्टर चिमन सिंह पर चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई महिदर सिंह ने बताया कि जमीन का पूरा भुगतान कर रजिस्ट्री और जमाबंदी चिमन सिंह के नाम करवाई गई थी, बावजूद इसके उक्त आरोपी कब्जा छोड़ने को तैयार नहीं थे। महिंदर सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोगा के सरकारी अस्पताल भेजा।