मंडी: हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां में आज सुबह तूफान के बाद एक बड़ा पेड़ ट्रक पर गिर गया। इसमें ड्राइवर-कंडक्टर के अंदर फंसे होने की आशंका है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई। वहीं मंडी के पड्डल मैदान के पास भी गाड़ी पर एक बड़ा पेड़ गिर गया। तूफान के चलते मंडी और कुल्लू नेशनल हाईवे पर स्थित हिमाचल दर्शन फ़ोटो गैलरी को भी काफी नुकसान हुआ है। मंडी जिले में भारी बारिश और तूफान आया है।
इससे इलाके में काफी परेशानी हो रही है। मौसम विभाग IMD ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इसमें भारी बारिश, तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। IMD ने 19 मई के लिए 7 जिलों में ऊना, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंडी में ओलावृष्टि, तूफान और तेज हवाएं चल रही हैं। 19 मई को कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इसमें तूफान, बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं से सावधान रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि 21 मई तक मध्य पहाड़ियों में हल्की बारिश और ऊंची पहाड़ियों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। भारी बारिश और तूफान से बिजली गुल हो सकती है और यातायात में भी दिक्कतें आ सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर के अंदर रहें और भूस्खलन या बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें। राज्य सरकार स्थिति पर नजर रख रही है और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल किसी भी तरह की परेशानी से निपटने के लिए तैयार हैं।
लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है। इस बीच, एक अच्छी खबर भी है। कुल्लू जिले में 126 MW लारजी हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट को पूरी तरह से ठीक कर लिया गया है और यह फिर से शुरू हो गया है। पिछले साल 9 और 10 जुलाई को ब्यास नदी में आई बाढ़ से इस प्रोजेक्ट को काफी नुकसान हुआ था। एक सरकारी बयान में रविवार को यह जानकारी दी गई।