जालंधरः देर रात सवा 12 बजे 3 प्रवासियों ने श्रीमन अस्पताल के 2 कर्मियों पर हमला कर दिया। हमला पठानकोट-धोगड़ी रोड पर पड़ते नूरपुर गांव के पास हुआ। किसी तरह दोनों ने भाग कर अपनी जान बचाई। कर्मचारियों के शोर मचाने के बाद लोगों ने एक आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी से तेजधार हथियार भी बरामद हुआ है। इस दौरान 2 प्रवासियों ने भागते हुए थाना मकसूदां की पुलिस पर पथराव कर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया।
कर्मचारी रामू और संजीव ने बताया कि वह काम से लौट रहे थे तो रास्ते में तीन युवक खड़े थे। उनके पास से गुजरने लगे तो उन्होंने तेजधार हथियार से हमला कर दिया और लूटने की कोशिश की। तीनों प्रवासियों ने नशा किया हुआ था। शोर मचाया तो तीनों प्रवासी लुटेरे भागकर एक घर में घुस गए और अंदर से गेट बंद कर लिया। जब थाना मकसूदां की पुलिस मौके पर पहुंची तो दो आरोपी फरार हो गए। आरोपी ने अपना नाम अक्षय कुमार बताया। थाना मकसूदां के एएसआई केवल सिंह ने युवक को हिरासत में लिया और थाने ले गए। उन्होंने कहा कि फरार युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।