अमृतसर: महानगर में लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं कुछ दिनों पहले कंपनी बाग के बाहर युवक के साथ हुई लूट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। दरअसल, घटना में घायल हुए युवक के माता-पिता ने प्रेस वार्ता करके पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है। परिजनों ने पुलिस की ढीली कार्रवाई के चलते पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर से इंसाफ की मांग की है। पीड़ित युवक के परिवार ने बताया कि उनका बेटा घर से बाहर खाने-पीने के लिए 30 जनवरी को गया था।
इस दौरान वापसी के समय लुटेरों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला करके घायल कर दिया। परिजनों का कहना है कि घटना को लेकर आज एक महीना बीतने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके चलते उन्होंने पुलिस कमिश्नर से इंसाफ की गुहार लगाई है। उधर, इस मामले की जांच कर रहे एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने कहा है कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है। यदि परिवार के पास कोई जानकारी है तो हमारे साथ साझा करें ताकि आरोपियों को पकड़ा जा सके। पुलिस पूरी तरह से काम कर रही है।