मोहालीः पंजाब में किसानों द्वारा शंभू और खनौरी बॉर्डर पर लगाए गए धरने को पुलिस ने हटा दिया है और दोनों बॉर्डर का रास्ता खोल दिया है। इस दौरान पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया था। वहीं इस मामले में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवण सिंह पंधेर और अन्य किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी।
सोमवार यानी आज मामले में सुनवाई शुरू हुई तो हाईकोर्ट ने कहा कि डल्लेवाल अब अस्पताल में हैं तो यह याचिका क्यों। दूसरी ओर मामले को लेकर पंजाब सरकार ने कहा कि डल्लेवाल की सहमति से ही उन्हें पटियाला के पार्क हॉस्पिटल में रखा गया है। सरकार ने यह भी कहा कि डल्लेवाल पुलिस कस्टडी में नहीं हैं। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को आदेश दिए कि वे डल्लेवाल के परिवार के सदस्यों को उनसे मिलने की इजाजत दें। हाईकोर्ट ने सुनवाई बुधवार तक स्थगित कर, नए सिरे से स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के आदेश दे दिए हैं।