कैथलः हरियाणा में कैथल के ब्रह्मानंद कॉलोनी में स्थित मन्नत मेकओवर एवं हेयर सैलून में गोली चलने की घटना सामने आई है। आरोप है कि सैलून पर बैठी महिला पर देवर ने फायरिंग की। गनीमत यह रही गोली महिला के गले को छूते हुए निकल गई और हादसे में महिला बाल-बाल बच गई। दरअसल, ब्यूटी पार्लर मालकिन उर्मिला काम कर रही थी। इस दौरान उर्मिला के पति के चाचा का बेटा बीरबल अवैध हथियार लेकर आया और फायरिंग कर दी।
वहां मौजूद लोगों ने उर्मिला को बचाया। जानकारी के मुताबिक इसी ब्यूटी पार्लर में आरोपी काम सीख चुका है। पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के कारण आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी साथी के साथ फरार हो गया। भागते वक्त वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। महिला के देवर मनजीत ने बताया कि मोटरसाइकिल पर 2 लोग आए थे। दुकान की पहली मंजिल पर उर्मिला काम करती है।
इस दौरान आरोपी पिस्टल लेकर आए और गोली चलाकर दोनों आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं पुंडरी थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया बीरबल नशेड़ी किस्म का व्यक्ति है। उसके ऊपर लूट, डकैती और लड़ाई-झगड़े के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है।