अमृतसरः जिले के थाना छेहरटा के अंतर्गत आने वाले इलाके जंड पीर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक प्रवासी व्यक्ति के कत्ल होने खबर इलाके में मिली। मिली जानकारी के अनुसार व्यक्ति का तेजधार हथियार से कत्ल किया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक प्रवासी का नाम मुहम्मद मजीद है और वह पिछले 2 साल से जंड पीर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।
इस मौके पर मृतक के पारिवारिक सदस्यों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारे भाई का नाम मुहम्मद मजीद है और हम बिहार के रहने वाले हैं। हमारा भाई पिछले 2 साल से इस मकान में किराए पर रह रहा था और मकान मालिक के साथ किराए को लेकर झगड़ा होने के चलते मकान मालिक ने मेरे भाई का कत्ल कर दिया। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जांच की शुरुआत की।
इस मौके पर घटना स्थल पर पहुंचे एसीपी शिवदर्शन ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमें सूचना मिली है कि मुहम्मद मजीद नाम का व्यक्ति, जो कि प्रवासी है और बिहार का रहने वाला है, जंड पीर कॉलोनी में हत्या का शिकार हो गया है। हम मौके पर पहुंचे हैं और एक आरोपी को हिरासत में लिया है। यदि हत्या के मामले में कोई और भी आरोपी पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हम शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज रहे हैं, लेकिन वहीं पीड़ित परिवार का कहना है कि हमारे धर्म में पोस्टमार्टम नहीं होता, हम अपनी लाश अपने गांव बिहार ले जाएंगे।