पठानकोटः भारत भले ही 1947 में आजाद हो गया हो, लेकिन एक ऐसी जगह है जहां आज भी विदेशों से लोग आते है। दरअसल, पंजाब में कई ऐसे इतिहास हैं जो लोगों के सामने नहीं आ पाए हैं, उन्हीं में से पंजाब और जम्मू-कश्मीर की सीमा पर माधोपुर गांव में बनी एक जगह है, जो ब्रिटिश काल से बनी है। माधोपुर गांव में ब्रिटिश काल से बना काफी पुराना चर्च और कब्रिस्तान है। इस संबंध में इस कब्रिस्तान की देखरेख करने वाले लोगों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह चर्च और कब्रिस्तान करीब 200 साल पुराना है।
उन्होंने बताया कि इस चर्च और कब्रिस्तान का निर्माण ब्रिटिश काल में अंग्रेजों ने करवाया था। उस समय मरने वाले अंग्रेजों को इसी कब्रिस्तान में दफनाया जाता था। उन्होंने कहा कि आज भी इन कब्रों के वंशज इस स्थान पर आकर इन दिवंगत आत्माओं को याद करते हैं और वह चर्च में उनके लिए प्रार्थना करते हैं। चर्च का प्राचीन इतिहास होने के कारण बड़ी संख्या में लोग इस स्थान पर प्रार्थना करने आते हैं। वहां पर मौजूद लोगों का कहना है कि इसका जीर्णोद्धार किया जाना चाहिए ताकि 200 साल पुराना इतिहास बचाया जा सके।