अमृतसरः आमतौर पर आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी होती है। ये आवारा कुत्ते कभी-कभी पैदल चलने वालों या बच्चों पर हमला कर देते हैं जिससे लोग कई बार गंभीर घायल भी हो जाते हैं। उधर, अमृतसर के थाना बी डिवीजन के अंतर्गत आने वाले इलाकों में एक अजीब मामला सामने आया है। जहां, कॉलोनी 2 की एक गली से 2 आवारा कुत्ते लापता हो जाने के बाद एक पशु कल्याण संगठन ने अमृतसर पुलिस स्टेशन बी डिवीजन में शिकायत दर्ज कराई।
इस संबंध में एनिमल वेलफेयर आर्गेनाइजेशन के प्रबंधक राजन कुमार व पशु प्रेमी जसबीर कौर ने बताया कि थाना बी डिवीजन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र उत्तम गढ़ कॉलोनी की एक गली में 5 आवारा कुत्ते थे और गली में रहने वाले कुछ लोग उन कुत्तों को भगाना चाहते थे, जिस संबंध में उन्होंने कुछ दिन पहले थाना बी डिवीजन में शिकायत भी दर्ज करवाई थी और उस समय हमने गली में रहने वाले लोगों के साथ बैठ कर समझौता कर लिया था, लेकिन कुछ दिन बाद गली में रहने वाले लोगों द्वारा 2 कुत्तों को वहां से उठा लिया गया, जिसके बारे में हमें अब पता चला और हमारी संस्था ने बी डिवीजन थाने की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पशु कल्याण संगठन के नेताओं ने कहा कि हमें संदेह है कि गली में रहने वाले लोगों ने उन 2 कुत्तों को मार दिया है या कहीं फेंक दिया है जिससे उनकी जान को खतरा हो सकता है। और हम चाहते हैं कि उन कुत्तों को वापस उसी गली में लाया जाए अन्यथा पुलिस इन लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करे।
उधर, थाना बी डिवीजन के एसएचओ सुखबीर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें शिकायत मिली थी कि रिहायशी इलाके में 5 आवारा कुत्तों में से 2 गायब हो गए हैं और उस मामले की जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि एनिमल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन का कहना है कि मोहल्ले के किसी अज्ञात व्यक्ति ने 2 कुत्तों को कहीं फेंक दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।