अमृतसरः छेहर्टा पुलिस पर व्यक्ति के साथ मारपीट करने का आरोप है। मामला हरिकृष्ण नगर से सामने आया है। जहां एक परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस जबरदस्ती उनके घर में घुसी और एक सदस्य को जबरदस्ती उठाकर ले गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत दर्ज करवा इंसाफ की मांग की है। जानकारी अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पत्नी संदीप कौर ने बताया कि पुलिस ने पुरानी रंजिश चलते उसके पति अमृतपाल सिंह को उठाया है। पति पर एनडीपीएस का झूठा केस दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पति शाम 6 बजे घर में परिवार के साथ बैठा था। अचानक सिविल वर्दी में छेहर्टा पुलिस घर में घुसी और तलाशी लेनी शुरू कर दी। जब तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला तो पति को उठाकर ले गए। उसने बताया कि 6 महीने पहले पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल को गैर कानूनी तौर पर अपने कब्जे में रखा था। जिसके उनके पास सभी सबूत है। जल्द ही वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। भाजपा नेता गुरमीत सिंह सोनी ने कहा कि पुलिस सरेआम धक्केशाही कर रही है। पुलिस के ऐसे कई मामले सामने आए है। गैर कानूनी ढंग के साथ लोगों को थर्ड डिग्री दी जा रही है।
वहीं थाना इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि अमृतपाल सिंह के खिलाफ पहले ही कई थानों में 12 मामले दर्ज है। अमृतपाल सिंह के नाम एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है, उसी केस में उसे गिरफ्तार किया है। अमृतपाल सिंह के साथ पुलिस ने किसी भी तरह से कोई मारपीट नहीं की है। सभी आरोप झूठे है।