हादसे में 2 पुलिस कर्मी घायल
तरनतारनः पंजाब पुलिस द्वारा लगातार तस्करों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। वहीं जिले के गांव कल्ला में आज तड़के एक नशा तस्कर के घर छापेमारी करने गई पुलिस पार्टी पर तस्करों ने हमला कर दिया। इस दौरान तस्करों ने पुलिसकर्मी की गाड़ी में तोड़फोड़ की और गोलियां चला दी। बताया जा रहा है कि घटना में 2 पुलिसकर्मी भी घायल हो गये।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही गोइंदवाल साहिब के डीएसपी अतुल सोनी मौके पर पहुंचे। जानकारी देते हुए डीएसपी सोनी ने बताया कि जब पुलिस पार्टी ने नशीली गोलियां और हेरोइन बेचने वाले ज्ञानी उर्फ बाबा के घर पर छापा मारा तो तस्करों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया और गाड़ी में तोड़फोड़ की। जिस दौरान 2 पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें भी आईं। डीएसपी ने कहा कि तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।