चंडीगढ़: पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने ज़िला संगरूर के गाँव झाड़ों के निवासी हरप्रीत सिंह को पुलिस कर्मचारियों के लिए 10,000 रुपये रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त आरोपी को मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर एक महिला द्वारा दर्ज करवाई गई ऑनलाइन शिकायत की जांच के बाद गिरफ्तार किया गया है।
शिकायत की जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी हरप्रीत सिंह ने संगरूर ज़िले के थाना चीमा में दर्ज एक पुलिस मामले में शिकायतकर्ता और उसके पारिवारिक सदस्यों की मदद करने के बदले थाना प्रभारी और जसबीर सिंह एएसआई द्वारा शिकायतकर्ता से 60,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। यह भी सिद्ध हुआ कि उक्त आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से उक्त पुलिस कर्मचारियों के लिए 10,000 रुपये ले चुका था।
विजिलेंस ने उक्त आरोपी और एएसआई जसबीर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून की धारा 7 और 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) के तहत ब्यूरो के थाना पटियाला रेंज में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की आगामी जांच के दौरान संबंधित एसएचओ की भूमिका की भी जांच की जाएगी।