अमृतसर: अमेरिका से डिपोर्ट किए पनामा के होटलों में कैद करके रखे गए प्रवासियों में से 12 को भारत भेज दिया गया है। ऐसा पहली बार है कि डिपोर्ट किए गए भारतीयों को सिविलियन फ्लाइट में बिना बेड़ियों के भेजा गया है। इससे पहले 336 भारतीयों को अमेरिकी सैन्य विमान से अमृतसर एयरपोर्ट पर उतारा गया था। ये सभी रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचाए गए। इनमें 4 पंजाबी दिल्ली से फ्लाइट लेकर शाम को अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे।
इनमें 2 बटाला, एक पटियाला तो एक जालंधर का है। डिपोर्ट युवकों में जतिंदर सिंह गांव कनसूहा कलां, पटियाला का रहने वाला है। जतिंदर को पटियाला नील भवन के जे-ट्रैवलर के जोबनजीत सिंह ने 52 लाख रु. लेकर दिल्ली से गुआना, वहां से ब्राजील, पनामा, कोस्टारिका, मैक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजा था। दूसरा युवक चंदपुरा जालंधर का मनिंदर सिंह है। उसे 42 लाख रुपए लेकर दिल्ली के गोल्डी नाम के एजेंट ने दिल्ली, स्पेन, सेल्वाडोर, मेक्सिको से यूएसए भेजा था। तीसरे नौजवान जुगराज सिंह निवासी चौधरपुर, बटाला और हरप्रीत सिंह निवासी कादियां, बटाला को बटाला के खान प्यारा निवासी मलकीत सिंह ने 38-38 लाख रुपए लेकर दिल्ली, मुंबई, एम्सटर्डम, नीदरलैंड, सुरीनाम, गुयाना, ब्राजील, पेरू, एक्वाडोर, कोलम्बिया, पनामा, मेक्सिको से यूएसए भेजा था। इन सभी के परिवार वालों ने पैसा कर्जे पर उठाकर एजेंटों को दिया था।