कपूरथलाः जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां, गांव लखनके पड्डे का एक युवक जो बढ़िया भविष्य और काम की तलाश में विदेश गया था उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक की मौत की खबर से घर वालों और गांव में शोक की लहर है।
जानकारी देते मृतक युवक की मां और दादा तथा गांव के पंचायत सदस्य जसवंत विरली ने बताया कि हरमनजोत सिंह (23) पुत्र स्वर्गीय कुलवंत सिंह निवासी लखनके पड्डा (कपूरथला) पिछले डेढ़ साल से इंग्लैंड के हडर्सफील्ड शहर में रह रहा था और एक स्टोर पर काम करता था। करीब 10 दिन पहले उक्त युवक स्टोर से ही संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में मिला था और उसे स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। कनाडा में रहने वाली उसकी बहन ने बताया कि उसका मालिक हमेशा उसे परेशान करता था, लेकिन आज सुबह वहां से फोन आया कि हरमनजोत की मौत हो गई है।
जसवंत विरली ने बताया कि अब परिवार में केवल उनकी मां कुलबीर कौर और कनाडा में रहने वाली उनकी बड़ी बहन ही बची है। युवक की मां सिलाई का काम करती थी और उसके पिता की 6 साल पहले मौत हो गई थी। मृतक युवक की मां ने संदेह जताया है कि उसकी मौत के पीछे कोई गहरी साजिश है और उसकी मौत के कारणों की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने भारत और पंजाब सरकार से उसके शव को भारत वापस लाने में मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अब घर में कमाने वाला कोई नहीं है और लड़के के बेहतर भविष्य के लिए 25 लाख रुपये का कर्ज लेकर उसे विदेश भेज दिया था। अब इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की खबर ने परिवार को झकझोर दिया है।