मोहालीः किसानों और केंद्र सरकार के बीच आज अहम और दूसरी बैठक होने जा रही है। यह बैठक चंडीगढ़ के सेक्टर 26 स्थित महात्मा गांधी संस्थान में होगी, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी भाग लेंगे। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पूरन चंद्र किशन द्वारा जारी पत्र में किसानों से बैठक में शामिल होने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के नेताओं के साथ 14 फरवरी को चंडीगढ़ में हुई पिछली बैठक का ही अगला चरण है।
इससे पहले 14 फरवरी को हुई बैठक बेनतीजा रही थी। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि केंद्र के साथ शनिवार को चंडीगढ़ में होने वाली बैठक अगर बेनतीजा रही और केंद्र ने उनकी मांगों का हल न किया, तो फिर दिल्ली कूच किया जाएगा। 25 फरवरी को 101 किसानों का जत्था वरिष्ठ किसान नेताओं की अगुवाई में दिल्ली कूच करेगा।
वहीं जगजीत डल्लेवाल ने कहा कि देश के सभी किसानों के सहयोग से किसानी मोर्चे को जीत तक लेकर जाएंगे। शनिवार को दोनों मोर्चों का 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मीटिंग में जाएगा। किसान नेताओं ने कहा कि देश के किसानों की आत्महत्या को रोकने के लिए एमएसपी गारंटी कानून बहुत जरूरी है और यह सिर्फ मांग नहीं बल्कि समय की जरूरत है। डल्लेवाल ने साफ किया कि आंदोलन मांगों की पूर्ति होने तक जारी रहेगा।