जालंधर, ENS: नकोदर के मोहल्ला कालिया में स्थित पीर सखी सुल्तान दरगाह में 8वीं बार गोल्लक में चोरी हो गई। कैश चोरी करता एक युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। चोरी के बाद उसने माथा टेका, कान पकड़े और हाथ जोड़कर गलती का अहसास भी किया। जिक्रयोग है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। चोर यहां से 7 बार पहले भी गुल्लक तोड़कर कैश चुरा चुके हैं। आरोपी की उम्र करीब 18 साल बताई जा रही है। उसने पहले दरबार में आकर माथा टेका, फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गोल्लक में करीब 800 रुपए थे।
घटना का तब पता चला, जब शाम को गुल्लक खोली गई। चोर ने इसके पास ही लगी दूसरी गोल्लक को भी तोड़ने की कोशिश की, परंतु कामयाब नहीं हो पाया। इस संबंध में दरगाह के मुख्य सेवादार संजीव शारदा काला निवासी मोहल्ला कालिया ने बताया कि वे हर सप्ताह शाम को गोल्लक खोली जाती है। इस बार भी जब दरगाह में गुल्लक खोलने के लिए पहुंचे तो लॉक टूटा हुआ था। दरगाह में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो 17 फरवरी की घटना सामने आ गई।
पहले चोर ने दरगाह में माथा टेका, उसके बाद बड़ी गोलक को तोड़ने की कोशिश की। बड़ी गोल्लक नहीं टूटी तो दूसरी तरफ लगी छोटी गोल्लक तोड़ने में कामयाब रहा। इस दौरान प्रबंधकों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार दरगाह में चोरी हो चुकी है। हर बार चोरी की पुलिस सूचना दी गई, लेकिन पुलिस एक बार भी चोर को नहीं पकड़ सकी। प्रबंधकों ने बताया कि पता लगा है कि आरोपी नकोदर के मोहल्ला रहमानपुरा के पास का रहने वाला है।